EN اردو
रस-भरे होंट | शाही शायरी
ras-bhare honT

नज़्म

रस-भरे होंट

मोहम्मद दीन तासीर

;

रस-भरे होंट
फूल से हल्के

जैसे बिल्लोर की सुराही में
बादा-ए-आतिशीं-नफ़्स छलके

जैसे नर्गिस की गोल आँखों से
एक शबनम का अर्ग़वाँ क़तरा

शफ़क़-ए-सुब्ह से दरख़्शंदा
धीरे धीरे सँभल सँभल ढलके

रस-भरे होंट यूँ लरज़ते हैं.....!
यूँ लरज़ते हैं जिस तरह कोई

रात दिन का थका हुआ राही
पाँव छलनी निगाह मुतज़लज़ल

वक़्त सहरा-ए-बे-कराँ कि जहाँ
संग-ए-मंज़िल-नुमा न आज न कल.....

दफ़अतन दूर.....! दूर..... आँख से दूर
शफ़क़-ए-शाम की सियाही में

क़ल्ब की आरज़ू-निगाही में
फ़र्श से अर्श तक झलक उट्ठे

एक धोका..... सराब..... मंबा-ए-नूर.....!
रस-भरे होंट देख कर 'तासीर'

रात दिन के थके हुए राही
यूँ तरसते, हैं यूँ लरज़ते हैं.....!