EN اردو
याद है पहले-पहल की वो मुलाक़ात की बात | शाही शायरी
yaad hai pahle-pahal ki wo mulaqat ki baat

ग़ज़ल

याद है पहले-पहल की वो मुलाक़ात की बात

हफ़ीज़ जौनपुरी

;

याद है पहले-पहल की वो मुलाक़ात की बात
वो मज़े दिन के न भूले हैं न वो रात की बात

कभी मस्जिद में जो वाइज़ का बयाँ सुनता हूँ
याद आती है मुझे पीर-ए-ख़राबात की बात

याद पीरी में कहाँ अब वो जवानी की तरंग
सुब्ह होते ही हमें भूल गई रात की बात

शैख़-जी मजमा-ए-रिंदाँ में नसीहत कैसी
कौन सुनता है यहाँ क़िबला-ए-हाजात की बात

हाए फिर छेड़ दिया ज़िक्र अदू का तुम ने
फिर निकाली न वही तर्क-ए-मुलाक़ात की बात

जब लिया अहद-ए-शब-ए-वस्ल कहा उस ने 'हफ़ीज़'
सुब्ह को याद रहेगी ये हमें रात की बात