EN اردو
इश्क़ में दिल का ये मंज़र देखा | शाही शायरी
ishq mein dil ka ye manzar dekha

ग़ज़ल

इश्क़ में दिल का ये मंज़र देखा

हनीफ़ अख़गर

;

इश्क़ में दिल का ये मंज़र देखा
आग में जैसे समुंदर देखा

खो गए हम तिरी आहट पा कर
या'नी आवाज़ को सुन कर देखा

जिस को सुन कर न यक़ीं आए कभी
फ़ी-ज़माना वही अक्सर देखा

ना-रसाई-ए-जुनूँ मोहकम है
हम ने दीवार में दर कर देखा

दिल पे इक नक़्श-ए-कफ़-ए-पा उभरा
एक सहरा में गुल-ए-तर देखा

मैं वो मोमिन हूँ कि जिस ने पत्थर
कभी चूमा कभी छू कर देखा

डूब जाने का ख़याल आया जहाँ
वहीं पायाब समुंदर देखा

बस-कि मंसूब था इक नाम के साथ
मुतमइन ही दिल-ए-'अख़्गर' देखा