EN اردو
ये जहाँ बारगह-ए-रित्ल-ए-गिराँ है साक़ी | शाही शायरी
ye jahan bargah-e-ritl-giran hai saqi

ग़ज़ल

ये जहाँ बारगह-ए-रित्ल-ए-गिराँ है साक़ी

असरार-उल-हक़ मजाज़

;

ये जहाँ बारगह-ए-रित्ल-ए-गिराँ है साक़ी
इक जहन्नम मिरे सीने में तपाँ है साक़ी

जिस ने बर्बाद किया माइल-ए-फ़रियाद किया
वो मोहब्बत अभी इस दिल में जवाँ है साक़ी

एक दिन आदम ओ हव्वा भी किए थे पैदा
वो उख़ुव्वत तिरी महफ़िल में कहाँ है साक़ी

हर चमन दामन-ए-गुल-रंग है ख़ून-ए-दिल से
हर तरफ़ शेवन-ओ-फ़रियाद-ओ-फ़ुग़ाँ है साक़ी

माह ओ अंजुम मिरे अश्कों से गुहर-ताब हुए
कहकशाँ नूर की एक जू-ए-रवाँ है साक़ी

हुस्न ही हुस्न है जिस सम्त भी उठती है नज़र
कितना पुर-कैफ़ ये मंज़र ये समाँ है साक़ी

ज़मज़मा साज़ का पायल की छनाके की तरह
बेहतर-अज़-शोरिश-ए-नाक़ूस-ओ-अज़ाँ है साक़ी

मेरे हर लफ़्ज़ में बेताब मिरा शोर-ए-दरूँ
मेरी हर साँस मोहब्बत का धुआँ है साक़ी