EN اردو
वो रंग उड़े हैं कुछ अब के बरस बहारों के | शाही शायरी
wo rang uDe hain kuchh ab ke baras bahaaron ke

ग़ज़ल

वो रंग उड़े हैं कुछ अब के बरस बहारों के

असलम अंसारी

;

वो रंग उड़े हैं कुछ अब के बरस बहारों के
कि दिल में नक़्श उभरते हैं बर्फ़-ज़ारों के

ये दश्त-ए-दिल ये ब-हर-सू ग़ुबार-ए-तन्हाई
कहाँ गए वो चमन अजनबी इशारों के

उलझ गए हैं किसी मौज-ए-इज़्तिराब में फिर
वो ख़्वाब रंग में डूबे हुए किनारों के

चलो कि उस से कोई साफ़ साफ़ बात करें
कि अब तो खुल ही गए भेद इस्तिआरों के

न जाने आख़िर-ए-शब किस के दिल पे चोट पड़ी
कि डूब डूब गए जैसे दिल सितारों के

फ़िराक़-ए-गुल में कटी ज़िंदगी ख़िज़ाओं की
सुराग़-ए-गुल में लुटे क़ाफ़िले बहारों के