EN اردو
वो नज़र आईना-फ़ितरत ही सही | शाही शायरी
wo nazar aaina-fitrat hi sahi

ग़ज़ल

वो नज़र आईना-फ़ितरत ही सही

बाक़ी सिद्दीक़ी

;

वो नज़र आईना-फ़ितरत ही सही
मुझे हैरत है तो हैरत ही सही

ज़िंदगी दाग़-ए-मोहब्बत ही सही
आप से दूर की निस्बत ही सही

तुम न चाहो तो नहीं कट सकती
एक लम्हे की मसाफ़त ही सही

दिल मोहब्बत की अदा चाहता है
एक आँसू दम-ए-रुख़्सत ही सही

आब-ए-हैवाँ भी नहीं मुझ पे हराम
ज़हर की मुझ को ज़रूरत ही सही

अपनी तक़दीर में सन्नाटा है
एक हंगामे की हसरत ही सही

इस क़दर शोर-ए-तरब क्या मा'नी
जागने की मुझे आदत ही सही

बज़्म-ए-रिंदाँ से तअ'ल्लुक़ कैसा
आप की मेज़ पे शर्बत ही सही

हद्द-ए-मंज़िल है मुक़र्रर 'बाक़ी'
रहरव-ए-शौक़ को उजलत ही सही