EN اردو
राज़-ए-दिल लाते हैं ज़बाँ तक हम | शाही शायरी
raaz-e-dil late hain zaban tak hum

ग़ज़ल

राज़-ए-दिल लाते हैं ज़बाँ तक हम

हसन बरेलवी

;

राज़-ए-दिल लाते हैं ज़बाँ तक हम
दुख भरें ऐ ख़ुदा कहाँ तक हम

और वो हम से खिंचते जाते हैं
मिन्नतें करते हैं जहाँ तक हम

न उड़ा बाग़बाँ कि गुलशन-ए-दिल
और हैं आमद-ए-ख़िज़ाँ तक हम

आप के लुत्फ़ ने तो क़हर किया
ख़ूब थे जौर-ए-आसमाँ तक हम

आसमाँ तक गया है सैल-ए-सरिश्क
दिल को रोया करें कहाँ तक हम

उन का आना भी अब नहीं मंज़ूर
जान से तंग हैं यहाँ तक हम

तेरा पैग़ाम भी सुना देंगे
ऐ 'हसन' पहुँचें तो वहाँ तक हम