EN اردو
मेरे ही दिल के सताने को ग़म आया सीधा | शाही शायरी
mere hi dil ke satane ko gham aaya sidha

ग़ज़ल

मेरे ही दिल के सताने को ग़म आया सीधा

हातिम अली मेहर

;

मेरे ही दिल के सताने को ग़म आया सीधा
रास्ता देख लिया है मिरे घर का सीधा

एक सूरत कभी तालेअ' की न देखी हम ने
ख़त-ए-तक़्दीर लिखा है अजब उल्टा-सीधा

सीधी सीधी हमें हर-वक़्त सुना बैठते हो
नाम सुन पाया है साहब ने हमारा सीधा

टेढ़ी बाँके हुए उस शोख़ के आगे सीधे
क्या ही कज-फ़हम है वो जो उसे समझा सीधा

इश्क़-ए-पेचाँ को किया हम ने जो आड़ा-तिरछा
सर्व को यार ने गुलशन में बनाया सीधा

ख़त के आने पे भी टेढ़ा ही रहा वो हम से
ख़िज़्र ने भी हमें रस्ता न बताया सीधा

'मेहर' वल्लाह मैं क़ातिल हूँ तिरी बातों का
ख़ूब अंदाज़-ए-सुख़न है तिरा सीधा सीधा