EN اردو
मख़्फ़ी हैं अभी दिरहम-ओ-दीनार हमारे | शाही शायरी
maKHfi hain abhi dirham-o-dinar hamare

ग़ज़ल

मख़्फ़ी हैं अभी दिरहम-ओ-दीनार हमारे

दिलावर अली आज़र

;

मख़्फ़ी हैं अभी दिरहम-ओ-दीनार हमारे
मिट्टी से निकल आएँगे अश्जार हमारे

अल्फ़ाज़ से खींची गई तस्वीर-ए-दो-आलम
आवाज़ में रक्खे गए आसार हमारे

ज़ंगार किया जाता है आईना-ए-तख़लीक़
और नक़्श चले जाते हैं बेकार हमारे

कुछ ज़ख़्म दिखा सकता है ये रौज़न-ए-दीवार
कुछ भेद बता सकती है दीवार हमारे

क्यूँ चार अनासिर रहें पाबंद-ए-शब-ओ-रोज़
आज़ाद किए जाएँ गिरफ़्तार हमारे

क्यूँ शाम से वीरान किया जाता है हम को
क्यूँ बंद किए जाते हैं बाज़ार हमारे

क्या आप से अब सख़्ती-ए-बे-जा की शिकायत
जब आप हुए मालिक-ओ-मुख़्तार हमारे

तहसीन-तलब रहते हैं ता-उम्र कि 'आज़र'
पैदा ही नहीं होते तरफ़-दार हमारे