EN اردو
ख़ौफ़ बन कर ये ख़याल आता है अक्सर मुझ को | शाही शायरी
KHauf ban kar ye KHayal aata hai aksar mujhko

ग़ज़ल

ख़ौफ़ बन कर ये ख़याल आता है अक्सर मुझ को

अमीर क़ज़लबाश

;

ख़ौफ़ बन कर ये ख़याल आता है अक्सर मुझ को
दश्त कर जाएगा इक रोज़ समुंदर मुझ को

मैं सरापा हूँ ख़बर-नामा-ए-इमरोज़-ए-जहाँ
कल भुला दे न ये दुनिया कहीं पढ़ कर मुझ को

हर नफ़स मुझ में तग़य्युर की हवाए लर्ज़ां
मुर्तसिम कर न सका कोई भी मंज़र मुझ को

अपने साहिल पे मैं ख़ुद तिश्ना-दहन बैठा हूँ
देख दरिया की तराई से निकल कर मुझ को

मिरे साए में भी मुझ को नहीं रहने देगा
मेरे ही घर में रखेगा कोई बे-घर मुझ को

कारगर कोई भी तदबीर न होने देगा
क्या मुक़द्दर है कि ले जाएगा दर-दर मुझ को

काम आएगी न बेदार-निगाही भी 'अमीर'
ख़्वाब कह जाएगा इक दिन मिरा पैकर मुझ को