EN اردو
ज़िंदगी कुछ सोज़ है कुछ साज़ है | शाही शायरी
zindagi kuchh soz hai kuchh saz hai

ग़ज़ल

ज़िंदगी कुछ सोज़ है कुछ साज़ है

अर्श सहबाई

;

ज़िंदगी कुछ सोज़ है कुछ साज़ है
दूर तक बिखरी हुई आवाज़ है

ख़ामुशी उस की है मिस्ल-ए-गुफ़्तुगू
हर नज़र जज़्बात की ग़म्माज़ है

किस तरह ज़िंदा हूँ तुझ को देख कर
ज़िंदगी मुझ पर तबस्सुम-साज़ है

जाँ-फ़ज़ा नग़्मात का ख़ालिक़ है ये
दिल अगरचे इक शिकस्ता साज़ है

इस तरह क़ाएम है रक़्स-ए-ज़िंदगी
साज़ उस का है मिरी आवाज़ है

क्या बताऊँ आज के इस दौर में
आदमी कितना ज़माना-साज़ है

इस लिए रखता हूँ मैं उस को अज़ीज़
हक़-परस्ती रूह की आवाज़ है

बाख़्तन है पत्थरों की सरज़मीं
फिर भी मुझ को इस पे कितना नाज़ है

मंज़िल-ए-मक़्सूद तक पहुँचेगी 'अर्श'
रुक न पाएगी मिरी आवाज़ है