EN اردو
ये जो ज़िंदगी है ये कौन है | शाही शायरी
ye jo zindagi hai ye kaun hai

ग़ज़ल

ये जो ज़िंदगी है ये कौन है

फ़रहत अब्बास शाह

;

ये जो ज़िंदगी है ये कौन है
ये जो बेबसी है ये कौन है

ये तुम्हारे लम्स को क्या हुआ
ये जो बे-हिसी है ये कौन है

वो जो मेरे जैसा था कौन था
ये जो आप सी है ये कौन है

मिरे चार-सू मिरे चार-सू
ये जो बेकली है ये कौन है

मिरे अंग अंग में बस गई
ये जो शाइ'री है ये कौन है

वो जो तीरगी थी वो कौन थी
ये जो रौशनी है ये कौन है

मुझे क्या ख़बर मुझे क्या पता
ये जो बे-ख़ुदी है ये कौन है

वो जो ग़म से चूर था कौन था
जो ख़ुशी ख़ुशी है ये कौन है

वो जो पहला दर्द था किस का था
ये जो आख़िरी है ये कौन है