EN اردو
उश्शाक़ बहुत हैं तिरे बीमार बहुत हैं | शाही शायरी
ushshaq bahut hain tere bimar bahut hain

ग़ज़ल

उश्शाक़ बहुत हैं तिरे बीमार बहुत हैं

अय्यूब ख़ावर

;

उश्शाक़ बहुत हैं तिरे बीमार बहुत हैं
तुझ हुस्न-ए-दिल-आराम के हक़दार बहुत हैं

ऐ संग-सिफ़त आ के सर-ए-बाम ज़रा देख
इक हम ही नहीं तेरे तलबगार बहुत हैं

बेचैन किए रखती है हर आन ये दिल को
कम-बख़्त मोहब्बत के भी आज़ार बहुत हैं

मिट्टी के खिलौने हैं तिरे हाथ में हम लोग
और गिर के बिखर जाने के आसार बहुत हैं

लिक्खें तो कोई मिस्रा-ए-तर लिख नहीं पाते
और 'ग़ालिब'-ए-ख़स्ता के तरफ़-दार बहुत हैं

ऐ रब्ब-ए-हुनर चश्म-ए-इनायात इधर भी
हर-चंद कि हम तेरे गुनहगार बहुत हैं

'ख़ावर' उसे पा लेने में खो देने का डर है
अंदेशा ओ हसरत के मियाँ ख़ार बहुत हैं