EN اردو
तन्हाइयों के दश्त में अक्सर मिला मुझे | शाही शायरी
tanhaiyon ke dasht mein akasr mila mujhe

ग़ज़ल

तन्हाइयों के दश्त में अक्सर मिला मुझे

अहमद राही

;

तन्हाइयों के दश्त में अक्सर मिला मुझे
वो शख़्स जिस ने कर दिया मुझ से जुदा मुझे

वारफ़्तगी मिरी है कि है इंतिहा-ए-शौक़
उस की गली को ले गया हर रास्ता मुझे

जैसे हो कोई चेहरा नया उस के रू-ब-रू
यूँ देखता रहा मिरा हर आश्ना मुझे

हर्फ़-ए-ग़लत समझ के जो मुझ को मिटा गया
उस जैसा उस के ब'अद न कोई लगा मुझे

पहले ही मुझ पे कम नहीं तेरी इनायतें
दम लेने दे ऐ गर्दिश-ए-दौराँ ज़रा मुझे

मुश्किल मुझे डूबना किनारे पे भी न था
नाहक़ भँवर में लाया मिरा नाख़ुदा मुझे

ये ज़िंदगी कि मौत भी है जिस पे नौहा-ख़्वाँ
किस जुर्म की न जाने मिली है सज़ा मुझे