EN اردو
ताक़-ए-अबरू हैं पसंद-ए-तब्अ इक दिल-ख़्वाह के | शाही शायरी
taq-e-abru hain pasan-e-taba ek dil-KHwah ke

ग़ज़ल

ताक़-ए-अबरू हैं पसंद-ए-तब्अ इक दिल-ख़्वाह के

हैदर अली आतिश

;

ताक़-ए-अबरू हैं पसंद-ए-तब्अ इक दिल-ख़्वाह के
उम्र होती है बसर गुम्बद में बिस्मिल्लाह के

जाऊँ क्यूँ-कर बिन बुलाए उस बुत-ए-दिल-ख़्वाह के
बे-तलब कोई नहीं पहुँचा हुज़ूर अल्लाह के

रू-ए-नूरानी का तेरे हो गया है शक जो यार
रात भर दौड़ा हूँ क्या क्या पीछे पीछे माह के

शाम-ए-वस्ल आई इधर मौजूद थी सुब्ह-ए-फ़िराक़
कम घड़ी से भी पहर हैं इस शब-ए-कोताह के

दाग़-ए-इश्क़-ए-हुस्न का लुक़्मा निवाला है कड़ा
सैर-दिल हैं खाने वाले इस ग़म-ए-जाँ-काह के

ना-तवानी से है हालत ग़ैर हिज्र-ए-यार में
दम निकल जाता है अपना साथ हर इक आह के

इश्क़-ए-बुत में कोह पर जा जा के सर पटका किए
पाँव को सदमे रहे पस्त-ओ-बुलंद-ए-राह के

सालहा इश्क़-ए-ज़नख़दाँ ने लहू पानी किया
मुद्दतों रोए हैं जा जा कर किनारे चाह के

हश्र तक यूँ ही रहेंगे ग़म्ज़ा-ओ-अंदाज़-ओ-नाज़
इश्क़-ए-आली-मंज़िलत से हुस्न-ए-वाला-जाह के

जा निकलता है जो मुझ सा तिश्ना-ए-दीदार-ए-हुस्न
ज़िक्र-ए-यूसुफ़ करने लगते हैं कबूतर चाह के

मंज़िल-ए-मक़्सूद में चल कर निकालूँगा उन्हें
आबलों में ये जो हैं पैवस्त काँटे राह के

उस बुत-ए-बे-दीं की ज़ुल्फ़ों का इशारा है यही
इस बला में वो फँसें आशिक़ हों जो अल्लाह के

कब समाई है नज़र में रौशनी-ए-आफ़्ताब
चश्म-ए-बीना रखते हैं ज़र्रे तिरी दरगाह के