EN اردو
शराब-ए-इश्क़ में क्या जाने क्या तासीर होती है | शाही शायरी
sharab-e-ishq mein kya jaane kya tasir hoti hai

ग़ज़ल

शराब-ए-इश्क़ में क्या जाने क्या तासीर होती है

बिस्मिल सईदी

;

शराब-ए-इश्क़ में क्या जाने क्या तासीर होती है
कहीं ये ज़हर होती है कहीं इक्सीर होती है

न मफ़्हूम उस का फ़ुर्क़त है न मंशा वस्ल है उस का
मोहब्बत अस्ल में इक ख़्वाब-ए-ख़ुद-ता'बीर होती है

जुदा हो कर इसी में जज़्ब हो जाती है फिर इक दिन
मोहब्बत आफ़्ताब-ए-हुस्न की तनवीर होती है

मिरा ज़ौक़-ए-नज़र हो या तिरा फ़ैज़-ए-तसव्वुर हो
मिरे आईने में अक्सर तिरी तस्वीर होती है

शिकायत भी मोहब्बत ही में दाख़िल है मगर 'बिस्मिल'
मोहब्बत बे-नियाज़-ए-शिकवा-ए-तक़दीर होती है