EN اردو
सताइश न कीजिए तबर्रा सही | शाही शायरी
sataish na kijiye tabrra sahi

ग़ज़ल

सताइश न कीजिए तबर्रा सही

ऐनुद्दीन आज़िम

;

सताइश न कीजिए तबर्रा सही
नहीं बिन्त-ए-अंगूर ठर्रा सही

तअस्सुर नहीं उन के रुख़ पर न हो
है क़ुरआँ तो क़ुरआँ मुअर्रा सही

मगर कितने सूरज हैं दुश्मन मिरे
मिरी हैसियत एक ज़र्रा सही

कहाँ चैन तेरे जुनूँ-कार को
ग़म-ए-दो-जहाँ से मुबर्रा सही

बदन दर बदन इश्क़ रूह-ए-रवाँ
ज़माँ दर ज़माँ एक ढर्रा सही

रऊनत ग़रीबी का महसूल है
सुखी को सख़ावत का ग़र्रा सही

पिएँगे यूँही हँस के हम ज़हर-ए-ग़म
हमारे लिए रोज़-मर्रा सही

मिला कुछ तो क़ातिल से 'आज़िम' तुम्हें
पस-ए-दाग़-ए-दिल एक छर्रा सही