सर्द हवा है नौहागर रात बहुत गुज़र गई
ग़ौर से देख चश्म-ए-तर रात बहुत गुज़र गई
नींद में गुम हैं दश्त-ओ-बाग़ बुझ गए शहर के चराग़
ऐसे में जाऊँ मैं किधर रात बहुत गुज़र गई
अब तो सिमट रहे हैं साए लौट के वो जवाँ न आए
दिल में अजीब सा है डर रात बहुत गुज़र गई
गूँज रही है दूर तक अपने ही क़दमों की सदा
सूनी पड़ी है रहगुज़र रात बहुत गुज़र गई
जश्न-ए-तरब हुआ तमाम कुश्ता-चिराग़-ओ-साज़-ओ-जाम
बिखरे पड़े हैं फ़र्श पर रात बहुत गुज़र गई
महफ़िल-ए-दोस्ताँ से कब उठने को चाहता है दिल
सोच रहा हूँ जाऊँ घर रात बहुत गुज़र गई
जागा न एक शख़्स भी मेरी नवा-ए-दर्द से
नाले गए हैं बे-असर रात बहुत गुज़र गई
दिल में मिरे उतर गई सहन-ए-मकाँ की तीरगी
बुझ गई शम्अ' ताक़ पर रात बहुत गुज़र गई
ख़ौफ़ के साए चार-सू ऐ मिरे यार माह-रू
आज यहीं क़याम कर रात बहुत गुज़र गई
सो गए घर के सब मकीं पर मिरे इंतिज़ार में
जाग रहे हैं बाम-ओ-दर रात बहुत गुज़र गई
घर की मुंडेर से गई चाँद की ज़र्द रौशनी
दूर नहीं है अब सहर रात बहुत गुज़र गई
ग़ज़ल
सर्द हवा है नौहागर रात बहुत गुज़र गई
फ़रासत रिज़वी

