EN اردو
रुकते हुए क़दमों का चलन मेरे लिए है | शाही शायरी
rukte hue qadmon ka chalan mere liye hai

ग़ज़ल

रुकते हुए क़दमों का चलन मेरे लिए है

अरशद अब्दुल हमीद

;

रुकते हुए क़दमों का चलन मेरे लिए है
सय्यारा-ए-हैरत की थकन मेरे लिए है

कोई मिरा आहू मुझे ला कर नहीं देता
कहते तो सभी हैं कि ख़ुतन मेरे लिए है

तप सी मुझे आ जाती है आग़ोश में उस की
वो बर्फ़ के गाले सा बदन मेरे लिए है

हैं जू-ए-तब-ओ-ताब पे अनवार के प्यासे
और शाम का ये साँवलापन मेरे लिए है

क़ंधार न काबुल न यमन मेरे लिए है
मिट्टी के उजड़ने की चुभन मेरे लिए है

बारूत में भुनते हुए अल्फ़ाज़ ओ मफ़ाहीम
अब तो यही तस्वीर-ए-सुख़न मेरे लिए है

दुनिया ही नहीं ख़ुद से ख़फ़ा रहता हूँ 'अरशद'
जीने का ये अंदाज़ ही फ़न मेरे लिए है