EN اردو
परतव पड़ा जो आरिज़-ए-गुलगून-ए-यार का | शाही शायरी
partaw paDa jo aariz-e-gulgun-e-yar ka

ग़ज़ल

परतव पड़ा जो आरिज़-ए-गुलगून-ए-यार का

अरशद अली ख़ान क़लक़

;

परतव पड़ा जो आरिज़-ए-गुलगून-ए-यार का
उठा तनूर-ए-लाला से तूफ़ाँ बहार का

हम-चश्म लाला है जो दिल-ए-दाग़-दार का
नर्गिस को हम सा आरिज़ा है इंतिज़ार का

लिखता है वस्फ़ शो'ला-ए-रुख़्सार-ए-यार का
जा-ए-वरक़ हो हाथ में पत्ता चिनार का

बीमार-ए-इश्क़ हूँ लब-ओ-दंदान-ए-यार का
नुस्ख़े में मेरे चाहिए शर्बत अनार का

रिश्ते की तरह से दुर-ए-दंदाँ का तेरे ज़ार
साकिन है कूचा-ए-गुहर-ए-आब-दार का

आसार-ए-इश्क़-ए-ख़ाक से भी अपने हैं अयाँ
बे-वज्ह रंग ज़र्द नहीं है ग़ुबार का

हर ज़र्रा अपनी ख़ाक का है चश्म-ए-इन्तिज़ार
यारब इधर भी हो गुज़र उस शहसवार का

हम आसियों को बा'द-ए-फ़ना भी ये ख़ौफ़ है
तख़्ता उलट न जाए ज़मीन-ए-मज़ार का

कलियाँ तलक न निकली थीं जब से असीर हूँ
देखा मज़ा न कुछ चमन-ए-रोज़गार का

चश्मान-ए-यार करने लगीं हैं दिलों को सैद
इन आहुओं को शौक़ हुआ है शिकार का

वो दिल-जले हैं शोला-ए-जव्वाला बन गया
उट्ठा जो गर्द-ए-बाद हमारे ग़ुबार का

याद-ए-मिज़ा ने बाग़-ए-दिल-ए-दाग़-दार में
खटका लगा दिया ख़लिश-ए-नोक-ए-ख़ार का

कुश्ता हूँ एक तर्क के तीर-ए-निगाह का
अंदाज़-ए-मुर्ग़ दिल में है ज़ख़्मी शिकार का

रख़्त-ए-सफ़ेद सूरत-ए-मीना-ए-मय है सुर्ख़
क्या रंग फूट निकला है अंदाम-ए-यार का

फूलों की जा प्याला हो लबरेज़ फूल से
तीजा है मय-कशो 'क़लक़'-ए-बादा-ख़्वार का