EN اردو
पाईं हर एक राह-गुज़र पर उदासियाँ | शाही शायरी
pain har ek rah-guzar par udasiyan

ग़ज़ल

पाईं हर एक राह-गुज़र पर उदासियाँ

अमीर क़ज़लबाश

;

पाईं हर एक राह-गुज़र पर उदासियाँ
निकली हुई हैं कब से सफ़र पर उदासियाँ

ख़्वाबीदा शहर जागने वाला है लौट आओ
बैठी हुई हैं शाम से घर पर उदासियाँ

मैं ख़ौफ़ से लरज़ता रहा पढ़ नहीं सका
फैली हुई थीं एक ख़बर पर उदासियाँ

सूरज के हाथ सब्ज़ क़बाओं तक आ गए
अब हैं यहाँ हर एक शजर पर उदासियाँ

अपने भी ख़त्त-ओ-ख़ाल निगाहों में अब नहीं
इस तरह छा गई हैं नज़र पर उदासियाँ

फैला रहा है कौन कभी सोचता हूँ मैं
ख़्वाबों के एक एक नगर पर उदासियाँ

सब लोग बन गए हैं अगर अजनबी तो क्या
छोड़ आएँगी मुझे मिरे दर पर उदासियाँ