EN اردو
मिल गई है बादिया-पैमाई से मंज़िल मिरी | शाही शायरी
mil gai hai baadiya-paimai se manzil meri

ग़ज़ल

मिल गई है बादिया-पैमाई से मंज़िल मिरी

ग़ुलाम हुसैन साजिद

;

मिल गई है बादिया-पैमाई से मंज़िल मिरी
काम आई है बिल-आख़िर सई-ए-ला-हासिल मिरी

पाँव धरने को मयस्सर आ नहीं पाती ज़मीं
नाव रुक जाती है आ कर जब लब-ए-साहिल मिरी

इक कमी मेरी तग-ओ-दौ में कहीं मौजूद है
हो नहीं पाई अभी तक कोई शय कामिल मिरी

मिल नहीं पाती ख़ुद अपने-आप से फ़ुर्सत मुझे
मुझ से भी महरूम रहती है कभी महफ़िल मिरी

मैं यहीं रह जाऊँगा हो कर असीर-ए-दाम-ए-अस्र
राह तकता ही रहेगा मेरा मुस्तक़बिल मिरी

क्या बचाऊँ दान में क्या दूँ समझ आता नहीं
दौलत-ए-दिल माँगता है मुझ से इक साइल मिरी

कोई अपने से गिला होता न 'साजिद' दहर से
ग़ौर से इक बात सुन लेता अगर ये दिल मिरी