EN اردو
मचलेंगे उन के आने पे जज़्बात सैंकड़ों | शाही शायरी
machlenge un ke aane pe jazbaat sainkaDon

ग़ज़ल

मचलेंगे उन के आने पे जज़्बात सैंकड़ों

चरख़ चिन्योटी

;

मचलेंगे उन के आने पे जज़्बात सैंकड़ों
हंस बोलने की होंगी हिकायात सैंकड़ों

मय्यत उठाने कोई भी आया न बा'द-ए-मर्ग
सुनते थे ज़िंदगी में मिरी बात सैंकड़ों

तुम थे तो ज़िंदगी का न कोई सवाल था
अब जन्म ले रहे हैं सवालात सैंकड़ों

क्यूँ उस निगाह-ए-मस्त की सब माँगते हैं ख़ैर
आबाद और भी हैं ख़राबात सैंकड़ों

चमके जो तेरे नूर से दिन-रात थे वही
आने को यूँ तो आए हैं दिन-रात सैंकड़ों

पर्दा-नवाज़ हुस्न के क़ुर्बान जाइए
इक इक हिजाब में हैं हिजाबात सैंकड़ों

वो बात कोई भी न कहेगा जो हम कहें
तुम जो कहो कहेंगे वही बात सैंकड़ों

करते हैं अर्ज़-ए-वस्ल पे हाँ-हूँ अजी नहीं
या'नी सवाल इक है जवाबात सैंकड़ों

बनते हैं ज़िंदगी के फ़साने उन्हीं से 'चर्ख़'
वो हैं तो ज़िंदगी की रिवायात सैंकड़ों