EN اردو
ख़ुशबुओं की दश्त से हमसायगी तड़पाएगी | शाही शायरी
KHushbuon ki dasht se hamsaegi taDpaegi

ग़ज़ल

ख़ुशबुओं की दश्त से हमसायगी तड़पाएगी

हकीम मंज़ूर

;

ख़ुशबुओं की दश्त से हमसायगी तड़पाएगी
जिस को भी हासिल हुई ये आगही तड़पाएगी

रौशनी को गुंग होते जिस ने देखा हो कभी
किस हवाले से उसे तीरा-शबी तड़पाएगी

काढ़ता था मैं ही संग-ए-सख़्त पर रेशम से फूल
क्या ख़बर थी ये नज़र शाइस्तगी तड़पाएगी

ख़्वाब थे पायाब इस का दुख नहीं कब थी ख़बर
मुझ को ताबीरों की इक बे-क़ामती तड़पाएगी

मैं न कहता था कि शो'लों से न करना दोस्ती
मैं न कहता था कि ये दरिया-दिली तड़पाएगी

ज़ाविया-दर-ज़ाविया मंज़र बदलते जाएँगे
आँख सारी आँख भर ये ज़िंदगी तड़पाएगी

नग़्मे चुप हैं और रुत भी कह रही है चुप रहो
किस को अब दिल की ये ना-आसूदगी तड़पाएगी

और इक दिन दश्त बादल से चुराएँगे नज़र
और मुझ को इस की ये बे-ख़ानगी तड़पाएगी

कुछ न कुछ 'मंज़ूर' दिल से राब्ता रह जाएगा
उस को मुझ से दोस्ती या दुश्मनी तड़पाएगी