EN اردو
नसीहत-गरो दिल लगाया तो होता | शाही शायरी
nasihat-garo dil lagaya to hota

ग़ज़ल

नसीहत-गरो दिल लगाया तो होता

ज़हीर देहलवी

;

नसीहत-गरो दिल लगाया तो होता
कभी ख़ंजर-ए-इश्क़ खाया तो होता

न आता कि आता शिकायत न रहती
मुझे अंजुमन में बुलाया तो होता

न मानूँगा नासेह कि दिल पर है क़ाबू
लगा कर किसी से दिखाया तो होता

ये माना अदू पर है मैलान-ए-ख़ातिर
कोई रोज़ उस को सताया तो होता

न आते तो ख़ंजर ही वो भेज देते
कि हम ने गले से लगाया तो होता

मिरी सख़्त-जानी के शिकवे बजा थे
कभी दस्त-ए-नाज़ुक उठाया तो होता

'ज़हीर' आज दावा है जिन को ज़बाँ का
सुख़न अपना उन को सुनाया तो होता